मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र के बनांदर में चल रहे तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन शनिवार को लोग उमड़ पड़े। मेले के दूसरे दिन प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले में आयोजित वॉलीबॉल, कबड्डी, ग्रामीण महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इन आयोजनों से ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और नन्हें बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे निखारने का एक बेहतरीन मंच मिला। खेलकूद के तहत हुई वॉलीबॉल प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में जूनियर बनांदर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि गोलवां की टीम उपविजेता रही। इससे पूर्व मेला मैदान पहुंचने पर मेला कमेटी के प्रधान अनित ठाकुर और स्थानीय जनता ने मुख्यातिथि का फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। मेला कमेटी के सदस्यों ने मुख्यातिथि को पारंपरिक टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि जीवन ठाकुर ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति व सभ्यता के परिचायक हैं। इन्हें संजोए रखना समाज के हर वर्ग का कर्तव्य है। मेलों के माध्यम से ही हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलती है। मेले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लड़भड़ोल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस के जवान लगातार गश्त करते रहे।