मंडी जिले के पंडोह के 9 मील के पास 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए एक तरफा बहाल हो गया है। बीती रात 11 बजे के करीब 9 मील में पहाड़ी से एक बार फिर भारी मात्रा में मलबा आ गया था। मलबा गिरने कारण 9 मील में दलदल जैसी स्थिती बन गई थी। इसके बाद मंडी पुलिस द्वारा दोनों ओर से ट्रैफिक को बंद कर दिया गया था। पंडोह के बीच फंसे हुए छोटे वाहनों को वाया चैलचौक होते हुए सुंदरनगर भेजा गया है। वहीं, बीती रात कैंची मोड़ के पास भी पत्थर गिरने के कारण हाईवे कुछ घंटों के लिए बंद रहा। हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में अभी भी वाहन फंसे हैं, जिन्हें ट्रैफिक रोक-रोकर निकाला जा रहा है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि सुबह 7 बजे ट्रैफिक को एक तरफा बहाल कर दिया गया है।