जोगिंद्रनगर विधायक प्रकाश राणा ने ग्राम पंचायत द्रुबल से व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने द्रुबल, कुनकर सहित मकरीड़ी और कुठेहड़ा क्षेत्रों में जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनका चरणबद्ध समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रकाश राणा ने कहा कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के समय जोगिंद्रनगर में विकास की नई इबारत लिखी गई थी, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के आते ही विकास कार्यों पर ग्रहण लग गया है। जनहित में खोले गए कई महत्वपूर्ण संस्थान बंद कर दिए गए। गरीब कल्याण से जुड़ी सहारा और हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजनाओं को ठप कर जनता के हितों से खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार सिर्फ कर्ज के सहारे चल रही है और जोगिंद्रनगर में विकास की एक ईंट तक नहीं लगी। 1500 मासिक सम्मान राशि, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 100 लीटर दूध खरीद, गोबर खरीद और युवाओं को एक लाख पक्की सरकारी नौकरियों के वादे पूरी तरह झूठे साबित हुए हैं। उन्होंने जनता से इस झूठी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, महामंत्री शक्ति राणा, द्रुबल पंचायत प्रधान मनोहर, ललित राणा, सीमा वालिया, सुभाष ठाकुर और ज्योति सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।