जिला परिषद मंडी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरु राम ने कहा कि वह सभी जिला परिषद सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे और जिले के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी क्षेत्रों के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा। अमरु राम ने अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी नेतृत्व, जिला परिषद सदस्यों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। वहीं, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष बोदी देवी ने भी पार्टी नेतृत्व, जिला परिषद सदस्यों और अपने समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय का सभी ने सम्मान करते हुए सर्वसम्मति से उनका चयन किया, जिसके लिए वह सभी की आभारी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला परिषद के माध्यम से जनहित और विकास कार्यों में पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।