बीएसएल परियोजना बीबीएमबी पंडोह द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीबीएमबी सुंदरनगर के अधीक्षण अभियंता कश्मीर सिंह ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरम्भ राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर और राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। मुख्यातिथि कश्मीर सिंह ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन बीबीएमबी स्टेडियम पंडोह में किया गया, जहां पंडोह क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की झलक साफ दिखाई दी। इस अवसर पर बीबीएमबी पंडोह के अधिशाषी अभियंता चंद्रमणी शर्मा, सीआईएसएफ पंडोह के इंचार्ज अशोक तक्षक, सहायक अभियंता राकेश कुमार, सहायक अभियंता बी.पी. यादव, सहायक अभियंता पदम सिंह, सहायक अभियंता सर्वजीत वर्मा, डॉक्टर खेम राज सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। बीबीएमबी पंडोह की ओर से उपस्थित सभी लोगों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम के उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि कश्मीर सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए संविधान एवं गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।