हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक राकेश जम्वाल ने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार किया है। कहा कि प्रदेश की जनता को चुनावी वायदों और झूठी गारंटियों से अब और धोखा बर्दाश्त नहीं होगा। रिज मैदान से केंद्र सरकार पर हमला करने वाली प्रियंका गांधी को पहले यह बताना चाहिए कि चुनाव के समय उन्होंने जो वादे और गारंटियां दी, उनका क्या हुआ। तीन वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन आज तक उन वायदों का कोई ठोस परिणाम जनता के सामने नहीं है। मंडी में जारी बयान में राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल की महिलाओं को 1500 के नाम पर आश्वस्त कर भारी उम्मीदें जगाईं, लेकिन आज उस वादे का कोई लेखा-जोखा नहीं है। कहा कि यह केवल राजनीतिक दिखावा नहीं बल्कि नैतिक प्रश्न भी है। प्रियंका गांधी की जिम्मेदारी बनती है कि वह प्रदेश की महिलाओं और कुल जनता को स्पष्ट जवाब दें। कहा कि रिज मैदान पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम को राजनीतिक मंच बनाकर कांग्रेस ने केवल भाषण और आरोपों का तमाशा किया। जबकि वहां वास्तविक राहत कार्यों और योजनाओं की समीक्षा होनी चाहिए थी। अब झूठे वादों और दिखावटी घोषणाओं का समय खत्म हो गया है। कहा कि जिम्मेदारी से भागने का दौर समाप्त हो गया है। हिमाचल की जनता जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग कर रही है। आगामी जनादेश में इसका फैसला कर देगी।