मंडी संसदीय सीट से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत का कहना है कि कांग्रेस के समय भी 12 से 13 बार एसआईआर हो चुका है। अब अगर भाजपा सरकार के समय में यह हो रहा है तो उन्हें पता नहीं क्यों दर्द हो रहा है। मंडी में दिशा कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए कंगना रनौत ने कहा कि एसआईआर एक रेगुलर प्रोसेस है और हर सरकार इसे करती है। वोटरों की जांच पड़ताल करना सही है और इससे पारदर्शिता आती है। लेकिन कांग्रेस को इस पर जो दर्द हो रहा है वह समझ से परे है। यह केंद्र सरकार का एक अच्छा निर्णय है। सांसद कंगना रनौत दिशा कमेटी की बैठक में अधिकारियों पर भी सख्त दिखी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने इस बैठक को मुलाकात का एक माध्यम मान रखा है। पिछली बार जो प्लान दिए गए थे उन पर कोई काम नहीं हुआ है। 90 प्रतिशत अधिकारी सिर्फ हाजरी भरने ही आए थे। ऐसे सभी अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि जो विकास कार्य उन्हें बताए जाते हैं यदि उस पर अम्ल नहीं होता है तो फिर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अम्ल में लाई जाएगी। जिला स्तर पर डीसी मंडी और अन्य अधिकारियों को भी अनियमितताओं को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। कंगना रनौत ने बताया कि वे अपने खर्चों को पूरा करने के लिए फिल्में भी कर रही हैं। अभी हालही में उन्होंने सर्कल मूवी की डबिंग को पूरा किया है। यह एक थ्रीलर मूवी है जिसमें उनके साथ आर. माधवन नजर आएंगे। इसके बाद एक और मूवी पर वह काम कर रही है और उसकी शूटिंग अगले साल शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अब संसद का सत्र भी अटेंड करना पड़ता है और संसदीय क्षेत्र का दौरा भी करना पड़ता है। ऐसे में फिल्मों के लिए समय निकालना पड़ रहा है।