बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को नाचन के चैलचौक स्थित अटल आदर्श विद्यालय गड़ाहरी के भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मौके पर अधिकारियों से भवन को लेकर चर्चा की। इसके उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नौनी औद्यानिकी विश्वविद्यालय के।औद्यानिकी एवम वानिकी कालेज थुनाग के बच्चों की कक्षाएं नौनी में चलाने में अभी दिक्कत है। जिनके लिए वे नाचन के गड़ाहरी इस भवन को।देखने आये हैं। उन्होंने कहा की बच्चों के हित में जो सही होगा सरकार वह करेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जयराम बौखला गए हैं और गलत बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर का समय अब दिल्ली जाने का है और वे पिछले कल चले भी गए हैं। जगत सिंह नेगी ने कहा कि जय राम को समय रहते अक्ल आ गई है जिससे वह दिल्ली चले गए हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसे भी उन्हें दिल्ली ही जाना होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में नेगी ने कहा कि आपदा प्रभावितों के लिए जैसे ही एसओपी तैयार होगी पीड़ितों को सरकार पुनर्वास के लिए 7-7 लाख रुपये देगी। इन मौके पर सराज कांग्रेस के नेता विजय पाल सिंह भी मौजूद रहे।