पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आहवान का स्वागत किया है जिसमें प्रधानमंत्री ने देश के लोगों ने अपने ही देश के पर्यटन स्थलों की तरफ रूख करने की बात कही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं जो आज भी पर्यटकों की नजरों से दूर हैं। यदि देश के लोग अपने ही देश को सही ढंग से घूमने लग जाएं तो यहां बहुत से ऐसे स्थान हैं जो प्राकृतिक सुंदरता से लवरेज हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहवान से अब ऐसे स्थानों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंडी में धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से ही शिवधाम का निर्माण कार्य पूर्व की भाजपा सरकार ने शुरू करवाया था जिसे वर्तमान सरकार ने रोक कर रखा है। यदि मंडी में शिवधाम बन जाता है तो इससे भी पर्यटन की दृष्टि से मंडी को एक अलग पहचान मिलेगी। इस दौरान जयराम ठाकुर ने नगर निगम मंडी में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करके जनता से समर्थन मांगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव प्रचार आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे लोग भी अब खुलकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंडी नगर निगम में गत वर्ष 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि इस बार यह आंकड़ा इससे भी अधिक होने वाला है। जयराम ठाकुर ने मंडी की जनता से भाजपा के सभी प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद देने का आहवान भी किया है।