पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू खज्जल हो गए हैं। इस कारण आए दिन विपक्ष के खिलाफ अनाप शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। सीएम सुक्खू कभी तथ्यों पर बात नहीं करते। मंडी में जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का ढाई वर्षों का कार्यकाल मजाक और परिहास भरा रहा है। सीएम ने जो भी निर्णय लिए उनकी जनता के बीच खूब जगहंसाई हुई। इसी कारण निर्णयों से पीछे भी हटना पड़ा। सीएम के अंदर अभी तक वह परिवक्वता नहीं आई है जो होनी चाहिए। इसलिए वे पहले खुद परिपक्व होकर काम करें और सोच विचार करने के बाद ही निर्णय लें और बयानबाजी करें तो बेहतर होगा। जयराम ठाकुर ने सीएम को यह भी नसीहत दी कि हिमाचल प्रदेश को वर्तमान परिस्थिति से कैसे आगे ले जाना है इस पर कार्य करें, तभी प्रदेश का यहां के लोगों का भला हो सकता है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि नालागढ़ में गांव के भीतर खुल रहे शराब के ठेके का मातृ शक्ति की ओर से विरोध किया गया। यही बात सरकार को नागवार गुजरी है और शराब ठेके का विरोध करने वाली 30 से 35 महिलाओं समेत अन्य लोगों के खिलाफ सरकार ने मामला दर्ज करवाया। कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश में अवैध शराब फैक्ट्री पर मेहरबानी दिखाती है। जबकि महिलाओं पर कार्रवाई करती है। कहा कि सुक्खू सरकार स्कूल–कॉलेज,अस्पताल बंद करने और शराब के ठेके खोलने के बहाने खोज रही है। इससे सुक्खू सरकार का वास्तविक चेहरा सामने आ गया है। रविवार को जयराम ठाकुर ने मंडी में छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अभ्यास वर्ग में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपनी छात्र राजनीति के अनुभवों को भी सांझा किया और छात्र नेताओं को टिप्स देकर बताया कि वे किस तरह से राजनीति के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को कर सकते हैं।