जोगिंद्रनगर में चल रहे गणेश महोत्सव छठी भजन संध्या में हिमाचल के सुरीले गायकों ने श्रद्धालुओं को खूब झूमाया। भजन गायिका जोनी ठाकुर की सुरीली आवाज से पंडाल गणपति के जयघोष से गूंज उठा। पुराना पंजाब नेशनल बैंक के नजदीक चल रहे गणेश महोत्सव में एसडीएम मनीश चौधरी, तहसीलदार पद से सेवानिवृत हुए पूर्ण चंद कौंडल, नर्सिंग अधीक्षक के पद से सेवानिवृत हुई उनकी धर्मपत्नी रामप्यारी, तलकेहड़ पंचायत की प्रधान शूचिका, मंडल भाजपा की पूर्वाध्यक्षा मेघना ठाकुर, गीताजंली, जिला परिषद सदस्य ममता भाटिया व अन्य अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर गणपति के आगे शीश नवाजा। जोनी ठाकुर के सुरीले भजनों में शामिल पत राखो गोरी के लाल, फूलां दियां क्यारियां च रैंहदी मेरी मां, न रोल माईए मैं रूल गईयां, महादेवा ओ महादेवा, नाम मेरी राधा रानी का व गणपति के भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं का भरपूर मंनोरंजन किया। जोनी ठाकुर ने देवा ओ देवा, गणपति जी महाराज, मेरे सरकार आए हैं आदि भजन गाकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को खूब झूमाया। इससे पहले गणेश समिति के अध्यक्ष सचिन सूद ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ गणपति महोत्सव के मुख्यातिथियों का स्वागत किया। रात दस बजे तक चली भजन संध्या में गणपति बप्पा का खूब गुणगान हुआ। इधर रामलीला मैदान में भी हिमाचल के सुप्रसिद्ध भजन गायक अजीत पराशर और संजीव सुकोश ने खूब धमाल मचाया। वहीं बालकरूपी, चौंतड़ा, मझारनू में चल रहे बाल गणेश महोत्सव में भी गणपति की आरती उतारी।