हिंदू सम्मेलन खंड लडभड़ोल के तत्वावधान में रविवार को हिंदू सम्मेलन समिति पंडोल द्वारा एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोगिंदरनगर के जिला माननीय संघ चालक कुलदीप ठाकुर ने की। जबकि प्रांत सह कार्यवाह विपिन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रांत सह कार्यवाह विपिन ने हिंदुओं को जगाना' विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने वर्तमान समय में समाज के समक्ष आ रही चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में नशा एक बड़ी समस्या बनकर उभरा है, जो युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है। इसके अलावा उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी समाज और संस्कारों के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से इन कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला संघ चालक कुलदीप ने भी संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता पर बल दिया। इस अवसर पर पंडोल मंडल के पंजाब सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।