फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: हिमाचल किसान सभा और सेब उत्पादक संघ का जंजैहली में संयुक्त प्रदर्शन

हिमाचल किसान सभा और सेब उत्पादक संघ ने आज जंजैहली में संयुक्त रूप से एक रैली निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सराज क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावितों के पुनर्वास और अन्य बुनियादी मांगों को लेकर किया गया। प्रदर्शन को किसान सभा राज्य कमेटी के सदस्य महेंद्र राणा, ब्रायोगी से समिति सदस्य बिहारी लाल, और लोकल कमेटी सचिव चंद्र ने संबोधित किया। नेताओं ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आपदा के 45 दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि कितनी और किन-किन लोगों की जमीन और फसलें नष्ट हुईं। नेताओं ने कहा कि जब तक प्रभावितों को जमीन के बदले जमीन और मकान के बदले मकान नहीं दिया जाएगा, तब तक पुनर्वास संभव नहीं है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़कों और रास्तों की खराब हालत के चलते पिछले 10 दिनों में चार लोगों की जान जा चुकी है। पंचायतों की निष्क्रियता और प्रशासन की लाचारी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा तंत्र पंगु हो चुका है और प्रशासन लोगों को आपस में लड़वाकर अपनी जिम्मेदारियों से बच रहा है। हिमाचल किसान सभा ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में राष्ट्रपति महोदय के नाम एक मांग पत्र विकास खंड अधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। सभा ने घोषणा की कि आने वाले समय में पूरे क्षेत्र में इस जन आंदोलन को और अधिक संगठित और व्यापक रूप दिया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें