मंडी जिले के सराज क्षेत्र में आपदा के दौरान अपनी अहम भूमिका निभाने के बाद सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ और आइटीबीपी की टीमों ने अब वापसी कर दी है। अब सराज और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सर्च आपरेशन और राहत कार्यों का जिम्मा एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय पुलिस के कंधों पर है। बता दें कि आपदा के बाद प्रदेश सरकार के निवेदन पर केंद्र सरकार की तरफ से वायुसेना, सेना, एनडीआरएफ और आइटीबीपी की टीमों को सराज और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों राहत कार्यों व सर्च आपरेशन के लिए भेजा गया था। वायुसेना की टीम सबसे पहले वापिस लौटी थी क्योंकि सड़कें बहाल होने के बाद सड़क मार्ग से राहत सामग्री पहुंचना शुरू हो गया था। उसके बाद सेना, एनडीआरएफ और आइटीबीपी की टीमों ने हालात सामान्य होने के बाद यहां से वापसी की। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इन टीमों ने न सिर्फ सर्च आपरेशन में बल्कि दूर दराज के क्षेत्रों तक राहत सामग्री पहुंचाने में भी अपना अहम योगदान दिया। इन टीमों की मदद से लोगों तक राहत सामग्री, दवाईयां और जरूरत का अन्य सामान पहुंचाया जा सका। सराज में जब सड़कें बहाल नहीं हो पाई थी तो उस दौरान पैदल ही यह सारी राहत प्रभावितों और लोगों तक पहुंचाई गई थी। उन्होंने बताया कि अब एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय पुलिस की टीमें सराज के विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद हैं और वहां राहत कार्यों व सर्च आपरेशन में अपना कार्य कर रही हैं।