पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष पर देश के नाम जो संबोधन दिया है उसमें देश के विकास का नया विजन प्रस्तुत हुआ है। सर्किट हाउस मंडी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनने के बाद जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा को लेकर मदद की जो बात कही है उससे स्पष्ट जाहिर होता है कि हर क्षेत्र की चिंता उन्हें है। हिमाचल, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में जो आपदाएं आई हैं उससे बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है और ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार सभी प्रदेशों के साथ खड़ा हुआ है। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए एक लाख करोड़ के बजट वाली प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि नीजि क्षेत्र में रोजगार पर युवाओं को 15 हजार की राशि देने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे बेरोजगार की समस्या दूर होगी और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे। दीपावली के दौरान जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जो नई शुरूआत होने जा रही है वह भी स्वागत योग्य कदम है। सेमि कंडक्टर को लेकर भारत की निर्भरता को दूसरे देशों पर कम करने की दृष्टि से जो नई शुरूआत करने की बात कही गई है वो देश की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुरदर्शन चक्र मिशन को प्रधानमंत्री ने शुरू करने की जो बात कही है उससे देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा मजबूत होगी। प्रधानमंत्री ने जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सेना के वीर जवानों को याद किया उससे देश की सेना का मनोबल बढ़ा है और देश के लोगों को भी इस बारे में उन्होंने खुद जानकारी दी है।