जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हिमालयन ब्लड डोनर्स संस्था की ओर से 14 और 15 अगस्त को दो रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। संस्था की ओर से आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों का क्रम अब 114वें और 115वें कैंप तक पहुंच गया है। दोनों शिविरों में रक्तदान के साथ स्टेम सेल डोनेशन के लिए भी पंजीकरण किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि 14 अगस्त को बल्ह क्षेत्र के नलसर में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके अगले दिन 15 अगस्त को सिविल अस्पताल सरकाघाट में शिविर का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सुरेश ठाकुर ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करवाने के साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों शिविरों में स्टेम सेल डोनेशन के लिए भी पंजीकरण किया जाएगा। संस्था ने युवाओं और अन्य लोगों से इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाला कदम साबित हो सकता है।