मंडी जिले की ग्राम पंचायत भड़ोल में मंगलवार को पंचायत प्रधान राजेश शर्मा की अध्यक्षता में विशेष बैठक एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। बैठक में लडभड़ोल के तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पंचायत के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच तालमेल मजबूत होने से पंचायत स्तर की समस्याओं का समय पर समाधान संभव हो पाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा और जिन मामलों में उच्च स्तर पर निर्णय की आवश्यकता होगी, उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। पंचायत प्रधान राजेश शर्मा ने बैठक में पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भड़ोल तहसील की मुख्य पंचायत होने के बावजूद यहां स्थायी पंचायत सचिव और पटवारी की नियुक्ति नहीं है। इससे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार संभालना पड़ रहा है, जिसके कारण पंचायत के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। प्रधान ने प्रदेश सरकार और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि भड़ोल पंचायत में जल्द से जल्द स्थायी पंचायत सचिव और पटवारी की नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें और विकास कार्यों में तेजी आए। बैठक में उपप्रधान सनी चौहान, सभी वार्ड सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा।