अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत मंडी, हिमाचल प्रदेश तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में पधर में अस्मिता लीग के अंतर्गत दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर प्रोफेसर अनुपमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के तहत 13 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए 200 मीटर तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान व सशक्तिकरण केवल महिला दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वर्ष के हर दिन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। आयोजन में विद्यार्थियों, स्थानीय महिलाओं, महिला मंडलों और आशा वर्करों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।