राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत ‘विकसित भारत मिशन के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान प्रणाली की भूमिका’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीश ठाकुर के दिशा-निर्देशन और कार्यक्रम संयोजक प्रो. तिलक शर्मा की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान विषय आधारित डिजिटल पोस्टर मेकिंग, काव्य पाठ, कहानी प्रस्तुतीकरण और बहुविकल्पीय प्रश्न परीक्षा करवाई गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और विषय की समझ का प्रदर्शन किया। बहुविकल्पीय प्रश्न परीक्षा में गुंजन और प्रीति ने प्रथम तथा उपासना ने दूसरा स्थान हासिल किया। काव्य पाठ में दीक्षा प्रथम और कविता दूसरे स्थान पर रहीं। कहानी प्रस्तुतीकरण में गुंजन ने प्रथम और दीक्षा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। डिजिटल पोस्टर मेकिंग में प्रीति ने प्रथम, जबकि ईशिका और साहिल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। सलोनी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सही दिशा में किए गए प्रयासों में निरंतरता व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारती है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति और पारंपरिक भारतीय ज्ञान प्रणाली विकसित भारत के सपने को साकार करने का मुख्य आधार हैं।