ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु में हो रहे बदलाव के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रविवार को कटवानू में पौधरोपण अभियान चलाया गया। भारत की जनवादी नौजवान सभा की कटवानू इकाई और देव घटोत्कच महिला मंडल कटवानू ने वन विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और मौजूदा जंगलों को बचाने की जरूरत पर जोर दिया। प्रतिभागियों ने कहा कि बदलते मौसम और बढ़ते तापमान के दौर में वन क्षेत्र का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। किसान सभा राज्य कमेटी के सदस्य महेंद्र राणा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में जंगलों का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि केवल पुराने वन क्षेत्रों को बचाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि खाली क्षेत्रों में पौधारोपण कर नए वन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के सभी वर्ग मिलकर प्रयास करें तो वन क्षेत्र को बढ़ाने और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत थाटा के उपप्रधान इंद्र सिंह, नौजवान सभा वाली चौकी के प्रधान देवेंद्र कुमार, वनरक्षक चिरंजी लाल, वन मित्र कांता देवी, नौजवान सभा थाटा के अध्यक्ष तिलक राज और महिला मंडल अध्यक्ष मीना ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पौधरोपण के दौरान प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। आयोजन के माध्यम से स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जंगलों की अहमियत के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।