उपमंडल के दो जुड़वा भाई भाविक, गतिक ने महज 12 साल की आयु में 'देवभूमि हिमाचल मेरा प्यारा' पहला वीडियो एलबम को पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तैयार किया है। इसका अनावरण एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने कर क्षेत्र के दोनों सुरीले गायक कलाकारों के मनोबल को बढ़ाया है। एसडीएम कार्यालय में दोनों भाइयों के संयुक्त वीडियो एलबम के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों ने सराहा है। स्वयं एसडीएम मनीश चौधरी ने भाविक और गतिक के वीडियो एलबम की सराहना करते हुए कहा कि महज 12 साल की आयु में देवभूमि हिमाचल के पर्यटन को पंख लगाने के लिए तैयार किए गए इस वीडियो एलबम को रिलीज करने पर वह स्वयं को गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। तलकेहड़ पंचायत की प्रधान एवं भाविक व गतिक की माता शूचिका, पिता अनिल ने बताया कि जोगिंद्रनगर के ही विश्वाकर खजूरिया ने गीत के बोल लिखे हैं। वहीं स्थानीय कलाकार अनिल सुकोश ने इसे अपने संगीत से सजाया है। भाविक, गतिक के पहले वीडियो एलबम के शुभारंभ पर मौजूद रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल, सचिव सुशील पठानिया, रोटेरियन रामलाल वालिया, अजय ठाकुर, ज्ञान चंद बरवाल, व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के महासचिव सतवीर, न्यू क्रिसेंट स्कूल के प्रबंध निदेशक विजय शर्मा और सोहन लाल सोहता ने जुड़वा भाईयों के पहले वीडियो एलबम के अनावरण पर बधाई दी।