जोगिंद्रनगर भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने हाल ही में लडभड़ोल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खद्दर,तुलाह, खड़िहार व लांगणा में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए गांवों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तुरंत प्रभाव से प्रशासन को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रभावितों तक सहायता शीघ्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रकाश राणा ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की, ताकि वे अपने जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकें। विधायक राणा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके पुनर्वास और जीवन को सामान्य बनाने के लिए वे सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर अथक प्रयास करेंगे।