केंद्रीय आयुष विभाग के आठ साल पुराने सुगमता केंद्र को जोगिंद्रनगर से सोलन शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। मांग पर सरकार और विभाग की ओर से सकारात्मक कार्रवाई न होने से नाराज स्थानीय संगठनों और राजनीतिक दलों ने अब आंदोलन का एलान किया है। मंगलवार को हुई बैठक में 20 से 25 अगस्त तक सामूहिक भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद भी फैसला वापस नहीं लिया गया तो बाजार बंद करने और हाईवे जाम करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में व्यापार मंडल, पूर्व सैनिक संगठन, राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने कहा कि केंद्र के फैसले से स्थानीय कारोबारियों में रोष है। 25 अगस्त के बाद बाजार बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। कांग्रेस नेता गुरूशरण परमार ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते संस्थान को जोगिंद्रनगर से बाहर शिफ्ट किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल ने कहा कि वह केंद्र सरकार और केंद्रीय आयुष मंत्री से संपर्क कर संस्थान को जोगिंद्रनगर में ही बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। बैठक में बृज गोपाल अवस्थी, सतवीर, रमन बहल और विशाल शर्मा सहित अन्य लोगों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि मांग अनसुनी हुई तो हजारों लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।