फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी भावना ठाकुर का मंडी पहुंचने पर भव्य स्वागत

हिमाचल प्रदेश की महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने ढाका में आयोजित द्वितीय महिला कबड्डी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इसी विश्व विजेता टीम की सदस्य भावना ठाकुर जब अपने गृह जिले मंडी पहुंचीं तो जिला कबड्डी संघ ने उनका भव्य स्वागत किया। छोटी काशी मंडी में आयोजित स्वागत समारोह में खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्याम लाल ठाकुर ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस जीत को विशेष बनाने में हिमाचल प्रदेश की पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ऋतु नेगी, पुष्पा राणा, भावना ठाकुर, साक्षी शर्मा और चंपा ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अध्यक्ष ने कहा कि मंडी जिले की भावना ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहराकर प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। उनका कठिन परिश्रम, समर्पण और अनुशासन आने वाली पीढ़ी को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने यह आशा भी व्यक्त की कि प्रदेश की और भी बेटियां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी। समारोह के अंत में जिला कबड्डी संघ द्वारा भावना ठाकुर को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में संघ के महासचिव नेत्र ठाकुर, प्रेम ठाकुर, हर्ष ठाकुर, सुरेश ठाकुर, ताराचंद, धर्म पाल, महेंद्र शर्मा सहित कई पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें