मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को धर्मपुर में ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम धर्मपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मांगपत्र भेजकर श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों के जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान नरेश ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में श्रमिक वर्ग की अहम भूमिका है। मजदूर अलग-अलग क्षेत्रों में मेहनत कर विकास में योगदान दे रहे हैं, लेकिन उन्हें कई स्तरों पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में श्रमिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान जरूरी है। भारतीय मजदूर संघ ने मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, पेंशन और चिकित्सा सुविधाओं सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संघ का कहना है कि निर्माण श्रमिकों, मनरेगा कामगारों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भी योजनाओं का प्रभावी लाभ मिलना चाहिए। संघ ने सरकार से श्रमिक हित में बनाई गई योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू करने तथा मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मामलों में विभागीय कार्रवाई तेज करने की मांग की। नरेश ठाकुर ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ आगे भी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने सरकार से ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक और जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि प्रदेश के श्रमिकों को राहत मिल सके। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।