जिला मंडी में नशा मुक्त भारत अभियान तथा एचपीवी टीकाकरण को लेकर सरकारी एवं निजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में नशा मुक्त वातावरण तैयार करना, किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एचपीवी टीकाकरण के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जागरूकता और रोकथाम के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि एंटी चिट्टा अभियान के पहले चरण में जिले की 24 हाई रिस्क रेड जोन पंचायतों की पहचान की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर ने कहा कि नशे की समस्या का उपचार करने से अधिक महत्वपूर्ण उसे प्रारंभ होने से पहले रोकना है। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा यशवीर कुमार, जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा सरकारी एवं निजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।