धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत लौंगनी के गांव स्याठी में 30 जून को हुई भारी बारिश के कारण बेघर हुए 20 परिवारों को विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों की ओर से बैंक खातों के माध्यम से दी गई 60 लाख 45 हजार रुपये की सहायता राशि का वितरण आज ग्राम पंचायत लौंगनी कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर आपदा प्रभावित समिति की प्रधान अती देवी, सचिव नीलम कुमारी और कोषाध्यक्ष दीप कुमार द्वारा हस्ताक्षरित चेक के माध्यम से यह वितरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह, पंचायत प्रधान मीना देवी, वार्ड सदस्य रूपचंद, पूर्व प्रधान देशराज पालस्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कमेटी के पदाधिकारी और प्रभावित ग्रामीण डुमनु राम, ब्रह्म दास, कर्म दास, गर्दीता, दीप कुमार, विशाल, धनी राम, संतोष कुमार, रवि कुमार, जय सिंह, जुल्मी, राजो, अशोक कुमार, ललित, देशराज, रजनीश, हल्कू, सलिता, रूमा और रवि कुमार ने उन सभी का धन्यवाद किया जिन्होंने इस आपदा के समय मदद की। कमेटी ने ग्र बताया कि इस राशि के अलावा जनता द्वारा सामग्री और नगदी के रूप में भी सहयोग किया गया, जो कुल मिलाकर एक करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इन परिवारों को जनता से तो एक करोड़ रुपये से अधिक सहायता प्राप्त हुई है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक केवल दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत ही दी गई है। सभी परिवार वर्तमान में किराये के मकानों में रह रहे हैं, और सरकार की ओर से घोषित मासिक किराया केवल एक महीने का ही मिला है। इसके अलावा, स्थानीय प्रशासन अभी तक इन परिवारों के लिए जमीन का चयन नहीं कर पाया है, जिसके कारण घर बनाने के लिए मिलने वाली सात लाख रुपये की सहायता भी अभी जारी नहीं हो सकती। भूपेंद्र सिंह और प्रभावित परिवारों ने मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध करवाई जाए, ताकि सरकारी सहायता के तहत उनके नए घर बन सके।