देसी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद रोहतांग दर्रा बहाल हो गया है। शनिवार से रोहतांग के लिए पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई। दर्रे तक बर्फ हटाने के कार्य में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब रोमांच का सफर शुरू हो गया। शनिवार को 40 फुट ऊंची बर्फ की दीवारों से होकर वाहन रोहतांग की ओर निकले तो पर्यटक झूम उठे। पहले दिन लगभग 800 वाहनों में पर्यटक रोहतांग पहुंचे। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बतौर जिला दंडाधिकारी रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल करने की अधिसूचना जारी की है। जानकारी के अनुसार एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने सीमा सड़क संगठन और पुलिस के साथ 15 मई को रोहतांग सड़क का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पाया कि सड़क पर्यटकों की आवाजाही सही है। रोहतांग में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय बन गए है और पार्किंग स्थलों से बर्फ भी हटा दी गई है। एसडीएम की रिपोर्ट के बाद उपायुक्त ने 17 मई से रोहतांग दर्रा तक पर्यटकों की आवाजाही शुरू करने की अधिसूचना जारी की। प्रत्येक मंगलवार को सड़क की मरम्मत के कार्य के कारण रोहतांग दर्रा बंद रहेगा। पहले दिन शनिवार को लगभग 800 पर्यटक वाहन पहुंचे। रोहतांग दर्रा में 15 फीट से अधिक बर्फ की मोटी परत जमी है। सीमा सड़क संगठन ने इस साल लगभग 13 दिन पहले रोहतांग को बहाल किया। पिछले साल 30 मई को रोहतांग के लिए पर्यटकों की आवाजाही शुरू हुई थी। रोहतांग बहाल होने के बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।