क्रिसमस को लेकर देश-विदेश से हजारों पर्यटकों ने मनाली का रुख कर लिया है। मनाली से यह पर्यटक अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल की वादियों में पहुंच रहे हैं। पर्यटक बर्फ के बीच मस्ती कर रहे हैं, वहीं मस्ती के चक्कर में कई पर्यटक अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। जरा सी लापरवाही पर्यटकों की जान पर भारी पड़ सकती है। तांदी संगम के बीच एक पर्यटक वाहन ने भागा नदी को पार किया। हालांकि नदी का प्रवाह शांत था, लेकिन लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती थी। सोशल मीडिया पर पर्यटक वाहन के नदी पार करने का वीडियो भी वायरल हुआ है। एससी मयंक चौधरी ने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।