जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में तीन दिनों तक लगातार हुई भारी बर्फबारी से जनजीवन अभी भी अस्त-व्यस्त है। एक से दूसरे गांव तक पहुंचना काफी मुश्किलों भरा है। इस बीच सोमवार को जोबरंग पंचायत के रापे गांव के लोगों ने खुद बेलचा उठाया और बर्फ के बीच आवाजाही के लिए पैदल रास्ता बनाया। ग्रामीणों ने रापे गांव से मुख्य सड़क तक तीन फुट बर्फ में तीन किलोमीटर तक पैदल रास्ते को ठीक करवाया। गौर रहे कि लाहौल के कई गांवों के पैदल रास्ते अभी भी बर्फ से बंद हैं। इससे विशेषकर स्कूल के बच्चों को परेशानी हो रही है। बर्फ के बीच कई किमी बर्फ में रास्ता खोलकर विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।