समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सुमित ठाकुर का मनाली में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर समेत कई दिग्गज सुमित का स्वागत करने मालरोड पहुंचे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने 2 अप्रैल को दिल्ली में देश के 11 युवाओं को सम्मानित किया। इनमे हिमाचल प्रदेश के मनाली के शूरु गांव के सुमित ठाकुर भी शामिल थे। सुमित ठाकुर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं। 15 वर्ष की आयु से ही जिस उम्र में युवा अपना अच्छा बुरा नहीं समझ पाते तबसे समाज के लिए कुछ करने के भाव ने सुमित को एक अलग पहचान प्रदान की है। कम आयु से ही समाजसेवा के प्रति गहरा भाव रखने वाले सुमित 18 वर्ष से पूर्व रक्तदान करने की इच्छा रखते थे लेकिन उम्र आड़े आती थी। 18 वर्ष के होते ही उस संकल्प को साकार करते हुए 21 बार रक्तदान कर दूसरों के जीवन में खुशियां ला चुके हैं। वर्ष 2020 में भी सुमित को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों भी राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंगलवार को सुमित मनाली पहुंचे तो लोगों ने उन्हें पलकों पर बिठा दिया। रोटरी चौक में उनके स्वागत के लिए पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता धनेशवरी ठाकुर, नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज लारजे, रोटरी क्लब के पदाधिकारी व विभिन्न संगठन के लोग पहुंचे। मालरोड़ में भव्य रैली निकाली गई। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली के युवा को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर समाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।