स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले जिला मुख्यालय कुल्लू में भाजपा और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता और राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों के बीच माहौल देशभक्तिमय नजर आया। भाजपा नेता नरोत्तम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। नरोत्तम ठाकुर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना भी प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के उन शहीदों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।