पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर ने पदभार संभालने के बाद शुक्रवार को पहली बार पत्रकार वार्ता की। उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस तथा आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को प्राथमिकता बताया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कुल्लू में नशा तस्करी, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेंगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए तस्करी में शामिल नेटवर्क को निशाना बनाया जाएगा। अभिषेक सेकर ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस सख्त अभियान चलाएगी। तस्करी में संलिप्त लोगों के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ उनकी वित्तीय जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि जिले में इस गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके। एसपी ने साइबर अपराध को भी प्रमुख चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करेगी। इसके साथ ही आम लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध से संबंधित घटना की जानकारी पुलिस को तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कुल्लू जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस का फोकस यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़क पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर रहेगा। एसपी अभिषेक सेकर ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस जनता के सहयोग और जनसहभागिता के साथ काम करेगी। उन्होंने आम लोगों से नशा तस्करी, संदिग्ध गतिविधियों या अन्य आपराधिक घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुल्लू पुलिस पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।