विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में धरना प्रदर्शन किया। कुल्लू कॉलेज इकाई अध्यक्ष रितिक की अध्यक्षता में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर से ढालपुर चौक तक रैली निकाली। ढालपुर चौक पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने फीस वृद्धि के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने फीस बढ़ोतरी के फैसले को विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने ढालपुर चौक से वापस महाविद्यालय परिसर तक रैली निकाली। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि फीस में बढ़ोतरी होने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसा कोई फैसला नहीं लेना चाहिए, जिससे उच्च शिक्षा हासिल करने वाले छात्रों पर अतिरिक्त खर्च का दबाव बढ़े। एबीवीपी ने विद्यार्थियों के हित में उचित कदम उठाने की मांग की।