भुंतर में आने वाले पिपलागे गांव में माता नयना का जाग उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस उत्सव को देखने के लिए जिला कुल्लू के अलावा प्रदेशभर से श्रद्धालु उमड़े। माता भद्रकाली, माता कोयला, माता शीतला, माता नागराणी अपने कारकूनों ओर हारियानों सहित विशेष रूप से शामिल हुईं। माता के पुजारी अमित महंत ने बताया कि शुक्रवार रात्र 1:00 बजे माता नयना, भद्रकाली ने अपने, कारकूनों, हारियानों सहित ढोल-नगाड़े के साथ मंदिर में प्रवेश किया और अंगारों के चारों ओर परिक्रमा की। माता की शक्ति के आगे श्रद्धालु भी नतमस्तक हो गए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर मंदिर में अंगारों के बीच हुए नृत्य का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। दैवीय शक्ति से आग के अंगारों पर चलने वालों को पैर में आंच तक नहीं आई।