हिमाचल प्रदेश के वाहनों से भी सूमारोपा में लगे साडा बैरियर में शुल्क लगाने को लेकर भाजपाई विरोध में उतर गए हैं। मणिकर्ण मंडल भाजपा अध्यक्ष संजू पंडित अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ वीरवार सूमारोपा पहुंचे और गाड़ियों पर लगाए गए शुल्क का कड़ा विरोध किया। उन्होंने इस मौके पर चेतावनी दी है कि यादि शुल्क लगाने के फैसले को वापस नहीं लिया गया तो भाजपा जनता को साथ लेकर आंदोलन करने उतरेगी। उन्होंने इस दौरान साडा के अध्यक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि वह साडा बैरियर में हर साल करोड़ों रुपये जुटा रहे हैं लेकिन घाटी के विकास पर उसका कोई खर्च नहीं किया जा रहा है। जबकि भुंतर-मणिकर्ण सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है लेकिन प्रशासन और सरकार में बैठे लोग सिफ उगाही करने में लगे हैं। इस दौरान मौके पर वाहन चालक भी काफी संख्या में बैरियर पर विरोध दर्ज करने पहुंचे। काफी समय तक यहां माहौल गहमागहमी भरा रहा।