भारत के केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में पहुंचकर मां ज्वाला के पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना की। मंदिर पहुंचने पर पुजारी वर्ग और मंदिर प्रशासन ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री ने मंदिर के गर्भगृह में मां ज्वाला की विशेष पूजा-अर्चना की तथा यज्ञशाला में आयोजित हवन में आहुतियां भी डालीं। इसके बाद उन्होंने मोदी भवन, योगिनी कुंड और शयन भवन में भी माथा टेका। इस दौरान पुजारी वर्ग ने उन्हें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करवाई और शक्तिपीठ के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने कुछ समय मंदिर परिसर में बिताकर इसके इतिहास और परंपराओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। मंदिर प्रशासन की ओर से केंद्रीय मंत्री को माता की पावन चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि वह धर्मशाला में आयोजित एक कार्यशाला में भाग लेने आए थे, जिसमें राज्यपाल सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।