कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने नूरपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा चौगान से होते हुए श्री बृजराज स्वामी मंदिर में संपन्न हुई, जिसकी अगुवाई स्वयं कृषि मंत्री ने की। पारंपरिक पगड़ी धारण कर मंत्री शोभा यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाग लिया। इस मौके पर राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल, वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन तथा रेलवे बोर्ड (नॉर्थ जोन) के सदस्य दीपक भारद्वाज भी उनके साथ उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने लोगों को जन्माष्टमी एवं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन विशेष है क्योंकि हम एक ओर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उत्सव मना रहे हैं तो दूसरी ओर स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मानवता के कल्याण के लिए गीता का अमूल्य संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। यह हमें सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्म करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर फौलादी बैंड, पंजाबी गायक गौरव कौंडल तथा स्थानीय कलाकारों ने बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपाली गंभीर, डीएसपी विशाल वर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी,डीएफओ निशांत पराशर, बीडीओ अशोक कुमार,मंदिर कमेटी में अध्यक्ष दविंदर शर्मा तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।