शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शनिवार को नवमी व दशहरे के दिन शारदीय नवरात्रों का विधिवत कन्या पूजन व पूजा अर्चना के साथ विधायक संजय रत्न ने एसडीएम संजीव शर्मा व मन्दिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा व न्यास सदस्यों सहित समापन किया। पुजारी एवम न्यास सदस्य अविनेद्र शर्मा व दिव्यांशु भूषण दत्त ने विधिवत हवन यज्ञ, पूजन व कन्या पूजन करवाकर नवरात्रो का समापन करवाया। इस उपलक्ष्य पर प्रशाद के रूप में हलवा भी बांटा गया। विधायक संजय रत्न ने नवरात्र शांतिपूर्वक होने पर मंदिर प्रशासन, न्यास सदस्यों, पुजारी वर्ग, पुलिस प्रशासन, नगर परिषद, विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों व स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया और बताया कि नवरात्रो में श्रद्धालुओं के लिए बिशेष प्रबन्ध किये गए थे। इसके साथ ही उन्होंने दशहरे की भी शुभकामनाएं प्रदेशवासियों को दी। एसडीएम ज्वालामुखी संजीव शर्मा ने भी नवरात्रों के समापन पर सभी को बधाई दी और बताया श्रद्धालुओं के लिए यातायात व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, पेयजल, पंकितबद्ध दर्शन व लंगर व्यवस्था का अच्छे से पालन किया गया। पुलिस प्रसाशन के इंतजाम भी बेहतर रहे और मन्दिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए हमेशा तैयार रहता है। आज नवमी व दशहरे के दिन भारी संख्या में यूपी के श्रद्धालुओं ने माता ज्वाला की पवित्र ज्योतियो के दर्शन किये और माता के जयकारे भी लगाए।