धर्मशाला के दाड़ी मेला मैदान में इस बार मौसम ने धुम्मू शाह मेले की रौनक फीकी कर दी है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते मेला अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ फैल गया है, जिससे दुकानदारों को अपनी दुकानें लगाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदार ऐसे हैं जो अभी तक अपनी दुकानें सजा ही नहीं पाए हैं। दूर-दराज से आए व्यापारियों का कहना है कि लगातार खराब मौसम के कारण उनका खर्च बढ़ रहा है, जबकि कमाई की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। वहीं इस बार मेले में प्लाटों के महंगे होने का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई छोटे दुकानदारों ने ऊंचे किराए के चलते दुकानें लेने से ही किनारा कर लिया है, जिससे मेले में अपेक्षित भीड़ और रौनक नहीं दिख रही। मौके पर पहुंची अमर उजाला टीम ने जब स्थानीय लोगों और व्यापारियों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि अगर मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो इस बार मेले में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धारी मेला क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण होता है, लेकिन इस बार बारिश और महंगाई ने इसकी रफ्तार थाम दी है। अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हैं, ताकि मेला जल्द पटरी पर लौट सके।