प्रमुख दंगलों में शुमार भाटी पीर राजा का तालाब के वार्षिक छिंज मेले दंगल में सोमवार को भारी भीड़ देखने को मिली। आम यह था कि दंगल मैदान में दर्शक दीर्घा में भी जगह कम पड़ गई। ऐसे में कस्बा राजा का तालाब में जगह जगह लगाई गई विशाल स्क्रीन के आगे खड़े होकर दर्शकों ने कुश्तियों का आनंद लिया। इससे पहले सुबह टमक की ताल के साथ छींज मेला शुरू हुआ। प्रबंधक कमेटी ने सुबह नौ बजे भाटी पीर मंदिर में झंडा रस्म अदा की। इस दौरान सुबह ग्यारह बजे राजा का तालाब कस्बा में प्रबंधक कमेटी प्रधान पुनीत टिंकू, चेयरपर्सन राम नाथ शर्मा, विकास बंटी, पवन राणा, शिवदेव, परमिंद्र चंकी की अगुवाई में दो विशाल रथों में भाटी पीर की फोटो आसीन करके उन पर फूल मालाओं की बारिश करते हुए शोभा यात्रा निकाली। जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बिंदु रही। इस दौरान रंग बिरंगे कपड़ों में ढोल के साथ भंगड़ा डालते कलाकारों ने अपनी अदा से गहरी छाप छोड़ी। भाटी पीर दंगल में विदेश से ईरान व भारत के विभिन्न प्रांतों महाराष्ट्र, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल के नामी गिरामी अखाड़ों के पहलवान अपनी कुश्ती से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं।