फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jwalamukhi Temple: छठी, सप्तमी और अष्टमी को 24 घंटे खुला रहेगा ज्वालामुखी मंदिर, सवा लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते इन दो दिनों में करीब सवा लाख श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुविधाओं को भी बढ़ाया है। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां ज्वाला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक लाखों श्रद्धालु मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद ले चुके हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से लाखों रुपये का चढ़ावा भी अर्पित किया गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने मेले के अंतिम दिनों के लिए विशेष व्यवस्था की है। अजय मंडयाल ने बताया कि श्रावण मेले की छठी, सप्तमी और अष्टमी को श्री ज्वालामुखी मंदिर 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की भीड़ को अलग-अलग समय में नियंत्रित करना और उन्हें सुचारू रूप से मां ज्वाला के दर्शन करवाना है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से मंदिर में प्रवेश करने की अपील की है। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंक्ति व्यवस्था, पेयजल, टेंट और बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लंगर की सुविधा तथा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस जवान भी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। मंदिर अधिकारी ने कहा कि मेले के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में सुचारू और सुविधाजनक तरीके से मां ज्वाला के दर्शन करवाए जाएं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें