विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की बड़ी बतराहन पंचायत में जल्द ही पशु औषधालय को अपना भवन मिलेगा। शनिवार को पशुपालन विभाग धर्मशाला की उप निदेशक डॉ. सीमा गुलेरिया, संयुक्त निदेशक डॉ. अजय सिंह , फार्मासिस्ट तरुण धीमान, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अमित गुलेरिया, जेई नरेंद्र कुमार, समिति सदस्य बतराहन-नेरनां तमन्ना धीमान शर्मा ने 1997 से चल रहे पशु औषधालय की पुरानी जर्जर हालत में पहुंच चुके भवन का निरीक्षण किया। और इस विषय में टीम ने लोक निर्माण विभाग को दिशानिर्देश दिए कि भवन की फाइल पूर्ण करके विभाग को जल्द से जल्द भेजें।ताकि नए पशु औषधालय भवन का निर्माण कार्य करके इसे लोगों को समर्पित किया जा सके। फिलहाल किराए के भवन में चल रहे पशु औषधालय का अपना पुराना भवन काफी जर्जर हालत में पहुंच चुका है। इसे विभाग ने लगभग दस वर्ष पहले अनसेफ घोषित कर दिया था। तब से लेकर आज तक विभाग को पशु औषधालय को किराए के भवन में चलाया जा रहा है। इसी मुद्दे को बीड़ीसी सदस्य तमन्ना धीमान शर्मा ने स्थानीय विधायक भवानी सिंह पठानिया और पशु पालन एवं कृषि मंत्री प्रोफेसर चौधरी चंद्र कुमार के समक्ष पशु औषधालय के नए भवन के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग को प्रमुखता से रखा था।