राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित युवक मंडल बधानी (नोडल क्लब) के प्रधान राजन शर्मा की अगुवाई में युवाओं ने प्रदेश सरकार की जॉब ट्रेनी भर्ती नीति को युवाओं के भविष्य के साथ बड़ा धोखा बताया। युवक मंडल के सदस्यों ने उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर इस नीति को रद्द करने की मांग की। राजन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले युवाओं को हर साल एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अब स्थायी नियुक्तियों के बजाय ट्रेनी पॉलिसी थोप रही है। उन्होंने इसे युवाओं के सपनों के साथ क्रूर मजाक बताया और कहा कि यह नीति उन हजारों मेहनती युवाओं के मनोबल को तोड़ने वाली है, जो वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। राजन शर्मा ने चेताया कि यदि सरकार ने यह जनविरोधी नीति वापस नहीं ली, तो प्रदेशभर में आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि युवाओं को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार के अवसर दिए जाएं।