राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर की दूसरी सांस्कृतिक संध्या स्टार कलाकार पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला और हिमाचली गायक इशांत भारद्वाज के नाम रही। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल शामिल हुए। स्टार कलाकार कुलविंदर बिल्ला ने मंच पर पहुंचते ही समां बांध दिया। उन्होंने दर्शकों को मंच पर बुलाकर उनके साथ फोटो के लिए और डांस कर सबका दिल जीता। सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला प्रस्तुति से पहले हिमाचली गायक इशांत भारद्वाज ने पहाड़ी गानों पर दर्शकों को खूब नचाया। 8:30 बजे वह मंच पर पहुंचे। उन्होंने शिवजी रा बासा हो गाने से प्रस्तुति का आगाज किया। इसके बाद एक से बढ़कर एक हिमाचली गाने पेश कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। चली कुडमेट, निक्की जिणी गोजरी, सिमलो, लंबे तेरे लारे, पणतू और हाकम रे डेरे आदि गानों पर दर्शकों ने खूब नाटी डाली। इससे पहले हिमाचली गायक ममता भारद्वाज और शिल्पा सरोच ने एक से बढ़कर एक गाने पेश कर दर्शकों को खूब नचाया। 08:50 बजे स्टार कलाकार कुलविंदर बिल्ला मंच पर पहुंचे। उन्होंने लाइट वेट, जट्ट कोका, 12 महीने, टाइम टेबल, फायदा प्लाजो पाके, तेरी मेरी जोड़ी टिच बटना, सेम टाइम सेम जगह , दुप्पटा तेरा शत रंग दा, तेरी मेरी गल बन गई, समेत अन्य कई पंजाबी धमाकेदार गाने पेश करके पंडाल में दर्शकों को खूब नचाया। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्रवर्मा, विवेक कटोच शगुन दत्त शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।