सैनिक कल्याण विभाग निदेशालय हमीरपुर के कार्यालय के समीप स्थित सैनिक विश्राम गृह के शौचालय की मरम्मत के लिए खोदी गई लाइन हादसों को निमंत्रण दे रही है। ठेकेदार ने इस कार्य को अधर में छोड़ दिया है जिससे यहां पर आने वाले पूर्व सैनिकों व अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिनेश कुमार, राजेश कुमार, संजय कुमार ने कहा कि सैनिक निदेशालय के साथ ही भूमि को खोदा गया है। यहां पर गंदा पानी भी खड़ा हो रहा है जिससे यहां पर बदबू का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इसका काम करीब एक माह पहले शुरू किया गया था, लेकिन अभी तक काम को पूरा नहीं किया गया है। लोगों ने सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि है कि वह इस समस्या का शीघ्र समाधान करे ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। वहीं सैनिक कल्याण विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक मनोज राणा ने बताया कि उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया है तथा अधिकारियों को काम करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। जेई ने आश्वासन दिया है कि काम को शुरू कर दिया गया है ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।