भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने शुक्रवार को यहां हमीर भवन में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर सुरेश कुमार ने कहा कि सुजानपुर के होली उत्सव का अपना एक अलग ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है। यह उत्सव इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा और इसे भव्य रूप दिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए आयोजन समिति और सभी संबंधित विभागों की ओर से किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि होली उत्सव की तैयारियों व इसके सुचारू आयोजन के लिए आयोजन समिति के अलावा अलग-अलग उपसमितियों का गठन भी कर दिया गया है और इन उप समितियों में गैर सरकारी सदस्यों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित सभी टेंडर और अन्य प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ पूर्ण होनी चाहिए। इनमें किसी भी तरह का अनावश्यक विवाद नहीं होना चाहिए। बैठक में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद, महिलाओं का सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा, रस्साकशी और कई अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए।