राज्य पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन हमीरपुर में शुक्रवार को एनजीओ भवन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष केसी चौहान, प्रधान राजेंद्र ठाकुर, महासचिव सुरेंद्र गौतम व हमीरपुर के प्रधान अजीत कुमार ने की। इस बैठक में राज्य कार्यकारिणी के करीब 160 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित पेंशनरों ने पेंशनरों के भत्तों का समय पर भुगतान न करने, एरियर का भुगतान, डीए का भुगतान न करने पर रोष व्यक्त किया गया। राज्य के प्रधान राजेंद्र कुमार ने कहा कि आयु के इस पड़ाव पर सरकार और प्रबंधन पेंशनों को कोर्ट कचहरी और सड़कों पर लड़ाइयां लडऩे के लिए बाध्य कर रही है। सरकार और प्रबंधन बातचीत करने का भी समय प्रदान नहीं कर रहा। उन्होंने एचआरटीसी में कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी समय पर नहीं होता। तीन और चार माह बार वेतन का भुगतान होता है। जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पेंशनरों की समस्याओं को लेकर न ही सरकार सुन रही है और न ही प्रबंधन वर्ग ध्यान दे रहा है। गत दिवस कैबिनट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा गया। उसके लिए सुबह नौ बजे गए लेकिन रात को नौ बजे उनसे तब मिलाया गया जब वह जा रहे थे। अपनी समस्याओं के बारे में कई बार उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, परिवहन मंत्री को अवगत करवाया। लेकिन आज तक इनका हल नहीं हुआ। ऐसे में बैठक में सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार और प्रबंधन पेंशनरों की समस्याओं का हल नहीं करती है और संगठन से बातचीत नहीं करती है तो निकट भविष्य में निगम मुख्यालय व विधानसभा पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।