भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की अगुवाई में भाजपा मंडल ने एसडीएम सुजानपुर को ज्ञापन सौंपा और सुजानपुर व टौणीदेवी बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव को तुरंत करवाने की भी मांग उठाई। इसके बाद एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के बाद पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि जिला हमीरपुर में भोरंज ब्लॉक को छोड़कर बाकी पांच ब्लॉकों में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाए जा रहे। ये सोची-समझी साजिश है। जहां कांग्रेस को जीत का भरोसा है वहां चुनाव करवा दिए। जहां हार का डर है वहां लोकतंत्र को ताला लगा दिया। उन्होंने कहा कि नादौन, हमीरपुर, बड़सर, सुजानपुर और टौणीदेवी में डेढ़ महीने से चुनाव लटकाए गए हैं। एक जिले में दो तरह के नियम लागू किए जा रहे जोकि लोकतंत्र की हत्या है।