उपमंडल नादौन में मंगलवार रात से जारी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति पैदा हुई है। कश्मीर गांव में मुख्य सड़क के साथ भूस्खलन के कारण पांच घरों में मलबा घुस गया। घरों के अंदर पांच फीट तक गाद और मिट्टी जमा हो गई। प्रशासन को सूचना मिलने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कश्मीर के अतिरिक्त कमरों में की गई है। एसडीएम निशांत शर्मा ने विभागीय टीम के साथ तीन किलोमीटर पैदल मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और पीड़ित परिवारों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। वहीं सुकराला गांव में खड्ड का बहाव बदलने से 60 कनाल भूमि पर लगाई गई गन्ने की फसल बह गई। फसल के बहने से किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है।